
थाना चांदहट पुलिस ने जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी ध्रुव पर कसा शिकंजा।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना चांदहट अंतर्गत पुलिस चौकी बागपुर की टीम ने जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मामले के मुख्य आरोपी ध्रुव, निवासी सोल्डा, थाना चांदहट, जिला पलवल को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना चांदहट अंतर्गत पुलिस चौकी बागपुर प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता अभय, निवासी सोल्डा, जिला पलवल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दिनांक 21 अगस्त 2026 को जब वह और उसका चचेरा भाई राज स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे, तो रास्ते में रंजिश के चलते आरोपी ध्रुव ने उन पर खतरनाक हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अभय और राज दोनों को गंभीर चोटें आईं।
शिकायत और मेडिकल लीगल रिपोर्ट के आधार पर थाना चांदहट में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल व सीसीटीवी फुटेज साक्ष्यों को कब्जे में लिया, जिससे वारदात में आरोपी हर्ष, सहित तीन अन्य की संलिप्तता भी पाई गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की थी।
इसके उपरांत, दिनांक 10 सितंबर 2026 को पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ध्रुव को गिरफ्तार किया। आरोपी से गहन पूछताछ, वारदात में इस्तेमाल डंडे की बरामदगी तथा अन्य सह-आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने हेतु आज दिनांक 11 सितंबर 2026 को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।