
जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव के निदेश पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) द्वारा दादर ब्रिज पर लगाए गए हाईट बैरियर को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरूद्ध स्थानीय अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चांदनी चैक से बखरी के बीच स्थित दादर ब्रिज का रख-रखाव कार्य एवं बैरिकेडिंग निर्माण पुल निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा है। भारी वाहनों द्वारा इसे दो बार क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसका संज्ञान लेते हुए पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निदेश दिया गया था। इसके आलोक में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए उल्लंघनकर्ताओं के विरूद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा दादर ब्रिज के साथ माड़ीपुर आरओबी पर भी हाईट बैरियर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले के विरूद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। ब्रिज के क्षेत्र को सीसीटीवी से आच्छादित किया जा रहा है, जिससे निदेशों का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि ब्रिज के रख-रखाव एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करें। एजेंसियों के कार्य-स्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना न हो इसके लिए उचित कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है।