
रेलवे स्टेशन पर भीख मांगते मिले तीन बच्चों का रेस्क्यू, बाल कल्याण समिति के समक्ष किया गया प्रस्तुत
हरदोई। बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला बाल संरक्षण इकाई, एएचटीयू एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में भीख मांगते हुए तीन बच्चों को चिन्हित कर उनका रेस्क्यू किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम ने बताया कि 22 जून को चलाए गए अभियान में संरक्षण अधिकारी शैलेन्द्र पाठक, रामू यादव, कंचन गुप्ता, बिरेन्द्र शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं महिला आरक्षी मौजूद रहीं। अभियान के दौरान अंजली (6 वर्ष), नंदनी (8 वर्ष) तथा आकाश (10 वर्ष) को रेलवे स्टेशन पर भिक्षावृत्ति करते हुए पाया गया। तीनों बच्चों को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति, हरदोई के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बाद में बच्चों के माता-पिता जिला बाल संरक्षण कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे ग्राम आटा, थाना आटा, जनपद जालौन के निवासी हैं। बाल कल्याण समिति ने मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी जालौन को निर्देशित किया कि बच्चों को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) से लाभान्वित कराने के साथ उनका नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने बच्चों के माता-पिता को परामर्श देते हुए कहा कि बच्चों से भिक्षावृत्ति कराना कानूनी अपराध है। उन्हें बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराकर शिक्षा से जोड़ने और उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई।
Bilgram, Hardoi | Jun 23, 2026