
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने वाहन जांच में 9 भैंस बरामद, एक चालक गिरफ्तार
किशनगंज जिला के टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दो पिकअप वाहनों से कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे नौ भैंस मवेशियों को बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक पिकअप चालक को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे वाहन का चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। जानकारी अनुसार थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ सूचना संकलन के लिए निकले थे। इसी दौरान फुलवरिया की ओर से तेज गति से आ रहे दो पिकअप वाहनों को टेढ़ागाछ थाना के सामने वाहन जांच के दौरान रोका गया। जांच में पहले पिकअप में पांच और दूसरे पिकअप में चार भैंस बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों में मवेशियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था।पहले पिकअप के चालक ने अपना नाम मो. सोनू (32), निवासी लौचा वार्ड संख्या-03, थाना बहादुरगंज बताया। मवेशियों से संबंधित वैध कागजात मांगे जाने पर वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं, दूसरे पिकअप का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान नूर आलम (42), निवासी शर्मा टोली फुलवाड़ी, वार्ड संख्या-03, थाना टेढ़ागाछ के रूप में बताई है।पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पिकअप संख्या BR37GA8054 एवं BR11GF5498 समेत कुल नौ भैंसों को जब्त किया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर उसे ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5), 3(5) तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(ए), (डी), (ई), (एफ) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार चालक मो. सोनू को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं फरार चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। @followers