
त्यौहारी सीजन को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ में: एसपी
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, पटाखों के लिए विशेष दिशा-निर्देश
रेवाड़ी, समाचार पंकज कुमार
: दीपावली, गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा दिवस जैसे प्रमुख भारतीय पर्वों को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देशानुसार संयुक्त पुलिस एडवाइजरी जारी की गई है। त्यौहारी भीड़ और गतिविधियों को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह तरह मुस्तैद और सतर्क मोड में आ गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीपावली से भैया दूज तक का समय सुरक्षा की दृष्टि से अति संवेदनशील होता है। इस दौरान बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ती है और धार्मिक स्थलों पर भारी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग आभूषण व घरेलू सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों का रुख करते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए है।
सुरक्षा के लिए जिलेभर में सख्त पुलिस व्यवस्था लागू: रेवाड़ी जिले के मुख्य कस्बों व प्रवेश मार्गों पर चिन्हित नाके, चेकिंग पॉइंट्स, अंतर्राज्यीय नाके तथा अंतर जिला नाके स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रशिक्षित पुलिस बल तैनात रहेगा, जो संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की कड़ी जांच करेगा। नशे, हथियारों और आपराधिक तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए यह व्यवस्था बेहद कारगर सिद्ध होगी। धार्मिक स्थलों और भीड़ भाड़ वाले बाजारों में सादी वर्दी में पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, तथा महिला पुलिस की गश्त को बढ़ाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स की भी तैनाती की गई है।
पटाखों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी: पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन को दीपावली पर सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से उत्सव मनाने की अपील की है। इस मौके पर पटाखों के प्रयोग को लेकर कड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। पटाखे फोड़ने का समय दिनांक 7-8 नवम्बर को सुबह 6 बजे से 7 बजे व रात्रि को 8 बजे से 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिले में सिर्फ ग्रीन क्रैकर्स (एनजीटी अनुमोदित) पटाखों की अनुमति होगी। लड़ी, बम, चकरी जैसे तेज आवाज वाले पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अस्पताल, नर्सिंग होम, वृद्धाश्रमों व शैक्षणिक संस्थानों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाना पूरी तरह मना है। बिना लाइसेंस के पटाखों की बिक्री या भंडारण अवैध है, ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपात स्थिति में संपर्क करें: पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाएं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 93069-52004 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर तत्काल सूचना दें। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और आपात सेवाएं 24.7 अलर्ट मोड में रहेंगी।
पुलिस की आमजन से अपील: पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले वासियों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ मनाएं। कोई भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। आपका सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। दीपावली को रोशनी और खुशियों का पर्व बनाएं, न कि दुर्घटनाओं और प्रदूषण का कारण। रेवाड़ी पुलिस सतर्क, सजग और सेवा में सदेव तत्पर। आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
Rewari, Rewari | Nov 7, 2026