
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचायें और 25 हजार रूपये पायें
गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले राह-वीर को मिलता है इनाम
-----
शासन द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में होनी वाली मृत्युदर में कमी लाने के लिए राह-वीर योजना शुरू की गई है। गाईड लाईन के अनुसार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर (दुर्घटना से एक घंटे के भीतर का समय) में अस्पताल पहुंचाने वाले राह-वीर को 25 हजार रूपये की नगद प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति-पत्र दिया जाता है, इसके साथ ही चुने हुए राह-वीरों में से सबसे योग्य 10 राह-वीरों को राष्ट्रीय स्तर पर एक-एक लाख रुपये पुरस्कार स्वरूप दिये जाने का प्रावधान भी है।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने नागरिको से अपील की है कि सडक दुर्घटना के मामलों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचायें, इसके तहत मदद करने वालो को राहवीर योजना के तहत पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। योजना के तहत कोई भी व्यक्ति जो मोटर यान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल/ट्रामा केयर सेंटर तत्परता से पहुँचाकर जान बचाता है ऐसे सभी व्यक्ति राह-वीर योजना के लिए पात्र होंगे। गोल्डन ऑवर अर्थात दुर्घटना होने के एक घंटे के भीतर गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा सडक दुर्घटना पीडितों को नकदी रहित उपचार स्कीम अंतर्गत नामांकित अस्पतालों में डेढ लाख रूपये तक की राशि का उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, नामांकित अस्पतालों को पीडित के अस्पताल लाये जाने पर तुरंत चिकित्सा उपचार शुरू किया जाता है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur