मलेरिया नियंत्रण अभियान अंतर्गत 128 घरो में लार्वा सर्वे
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में जिले में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु विभिन्न ग्रामों में लार्वा सर्वे, फीवर सर्वे एवं जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
विकासखंड श्योपुर (बड़ौदा) के ग्राम भीकापुर एवं जुलानियापुरा में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा 65 घरों का लार्वा एवं फीवर सर्वे किया गया। इस दौरान बुखार से पीड़ित 18 व्यक्तियों की आर.डी.टी. किट से मलेरिया की जांच की गई, जिसमें सभी जांच परिणाम मलेरिया नेगेटिव पाए गए।
इसी क्रम में विकासखंड कराहल के ग्राम बड़ी कॉलोनी में मलेरिया पॉजिटिव केस के घर एवं आसपास एक्टिविटी की गई। टीम द्वारा 10 व्यक्तियों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें सभी के परिणाम नेगेटिव रहे। साथ ही 53 घरों का लार्वा सर्वे किया गया, जिसमें 01 घर में लार्वा पाया गया, जिसका मौके पर ही नष्टीकरण किया गया।
सर्वे के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि मलेरिया मच्छर के काटने से फैलता है, इसलिए घर एवं आसपास पानी जमा न होने दें। घर की पानी की टंकी एवं कूलर की नियमित रूप से सफाई करें, सोते समय मच्छरदानी एवं पूर्ण आस्तीन के कपड़ों का उपयोग करें तथा मच्छरों से बचाव के लिए नीम की पत्तियों का धुआं किया जा सकता है। आसपास जमा पानी का निकास सुनिश्चित करने एवं आवश्यकतानुसार जले हुए इंजन ऑयल का उपयोग करने की सलाह भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल आशा कार्यकर्ता के माध्यम से रक्त की जांच करवाएं तथा जांच के बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लें। मलेरिया की रोकथाम के लिए घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखना तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना सामुदायिक जिम्मेदारी है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
5 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026