खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ कार्यक्रम आयोजित
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का हुआ प्रसारण
-----
राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा नेहरू युवा केंद्र एवं मेरा युवा भारत केंद्र के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, खेल प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन का प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने देश में खेलों के माध्यम से युवा शक्ति के निर्माण, खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा आगामी ओलंपिक खेलों में भारत की भागीदारी को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में नशा मुक्त युवा अभियान के महत्व और खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम की शुरूआत केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री मनसुख मांडविया के वर्चुअली स्वागत भाषण के साथ हुई।
कार्यक्रम में विधायक श्री बाबू जंडेल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ.पी. शर्मा, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज सर्राफ, विधायक प्रतिनिधि श्री सिराज दाऊदी तथा जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री दिनेश दुबौलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
स्थानीय कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री बाबू जंडेल ने अपने उद्बोधन में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक रहने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा निरंतर अभ्यास और समर्पण के माध्यम से खेल के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्योपुर के खो-खो खिलाड़ी ईशा दुबे एवं फुटबॉल खिलाडी श्री मोनू शर्मा, कनक भदौरिया (एथलेटिक्स), मुस्कान गुर्जर (हॉकी एवं एथलेटिक्स), विष्णु बैरवा (हॉकी), तन्वी अवस्थी (टेबल टेनिस), एवं सेजल सिंह (खो-खो) को सम्मानित किया गया। खिलाडियों ने अपने खेल यात्रा के अनुभवों और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अपने प्रयासों को छात्रों के साथ साझा भी किया।
इस दौरान माय भारत टीम श्योपुर द्वारा युवाओं को खेल पारिस्थितिकी तंत्र में सुधार, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तराशने, युवा नेतृत्व और शासन में भागीदारी, विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण, और नशा मुक्त युवा-इन पांच प्रमुख विषयों पर अपने विचार आइडिया बॉक्स के माध्यम से साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अगले वर्ष दिल्ली में आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के लिए जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों द्वारा नशा मुक्ति का संकल्प लिया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ सीमा चौकसे एवं डॉ मनु प्रताप सिंह भदौरिया द्वारा किया गया। डॉ लोकेंद्र सिंह जाट, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रेमचंद एक्का, श्रीमती वेदांकी खंडेलवाल, मेरा युवा भारत श्योपुर की ओर से श्री शिवकुमार दोहरे उपस्थित रहें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
8 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026