चंबल की रेत पर ‘काला कारोबार’! रोक के बावजूद धड़ल्ले से जारी है रेत का अवैध खनन
श्योपुर। चंबल नदी से अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि रोक और प्रशासनिक चौकियों के बावजूद चंबल की रेत ट्रैक्टर-डंपरों के जरिए लगातार बाहर लाई जा रही है। सवाल यह है कि जब प्रशासन ने निगरानी के लिए जगह-जगह चौकियां स्थापित कर रखी हैं, तो इनके सामने से रेत के वाहन आखिर कैसे निकल रहे हैं?
ढोढर क्षेत्र बना रेत परिवहन का प्रमुख रास्ता?
ढोढर थाना क्षेत्र में प्रतिदिन रेत से भरे ट्रैक्टर निकलने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चंबल नदी से निकाली जा रही रेत का इस्तेमाल क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में किया जा रहा है। वहीं, रॉयल्टी के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की भी चर्चा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।