
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान 2026 से नीमच का गौरव बढ़ा
शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिजलवास बामनिया के शिक्षक श्री महेंद्र सिंह पंवार राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित
नीमच, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान 2026 में चयनित नीमच जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिजलवास बामनिया के माध्यमिक शिक्षक श्री महेंद्र सिंह पंवार को भोपाल में आयोजित समारोह में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री पंवार को यह सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के लिए बहुआयामी, आनंदमय एवं बाल-केंद्रित शैक्षिक वातावरण विकसित करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
श्री पंवार ने शिक्षण को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को खेल-खेल में, गतिविधियों के माध्यम से और स्वयं करके सीखने के अवसर उपलब्ध कराए। कक्षा-कक्ष में विभिन्न प्रकार के टी.एल.एम. (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) का निर्माण एवं उपयोग कर उन्होंने कठिन विषयों और अवधारणाओं को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझाने का प्रयास किया। चार्ट, वर्कशीट, मॉडल, विषयवार शिक्षण सामग्री तथा गतिविधि आधारित शैक्षिक उपकरणों के माध्यम से गणित, विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को क्रियात्मक एवं अनुभव आधारित बनाया गया।
विद्यार्थियों को स्वयं मॉडल तैयार करने, समूह में कार्य करने, प्रश्न पूछने, चर्चा करने तथा प्रयोग एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर दिए गए। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर सीखने की प्रक्रिया को अधिक सहज, आनंददायक एवं प्रभावी बनाया गया।
विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए श्री पंवार ने ग्राम समुदाय एवं जनसहयोग को विद्यालय से जोड़ने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग मिला।
श्री महेंद्र सिंह पंवार का यह सम्मान न केवल उनके समर्पित एवं नवाचारी शिक्षकीय प्रयासों की पहचान है, बल्कि नीमच जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#शिक्षक_दिवस
#Neemuch
#नीमच