
चक्रवाती मौसम को लेकर जालौन प्रशासन अलर्ट, डीएम समीर ने कसी अफसरों की लगाम
तहसील से ग्राम पंचायत तक निगरानी के निर्देश, अतिवृष्टि-जलभराव पर तत्काल राहत-बचाव के आदेश
जालौन
चक्रवाती मौसम और घने बादलों को लेकर जालौन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
आगामी 25 से 27 सितंबर तक जारी मौसम संबंधी चेतावनी के बीच जिलाधिकारी समीर ने जनपद में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
साफ निर्देश है कि संभावित अतिवृष्टि, जलभराव या किसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और राहत-बचाव कार्य में जरा भी देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, बीडीओ और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
तहसील और विकासखंड स्तर पर राहत-बचाव दल सक्रिय रखने के साथ आवश्यक उपकरण, संसाधन और राहत सामग्री पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
24 घंटे में मुआवजे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
प्रशासन ने जनहानि, पशुहानि अथवा मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल सत्यापन कर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बिजली से लेकर सड़कों तक विशेष निगरानी
जलभराव वाले इलाकों में विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। वहीं तेज हवाओं से सड़क पर पेड़ या डालियां गिरने की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश वन विभाग को दिए गए हैं, ताकि यातायात बाधित न हो।
अस्पताल, स्कूल और जलनिकासी व्यवस्था भी अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय दल, दवाओं और एंबुलेंस सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निकायों को नालियों और जलनिकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
नदियों, नालों, पुल-पुलियों, अंडरपास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष निगरानी रहेगी।
आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तर तक राजस्व कर्मियों के माध्यम से मौसम चेतावनी और सुरक्षा उपायों का प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया है।
डीएम समीर ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आपदा की स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में कोई देरी न हो। लापरवाही या शिथिलता मिलने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#Jalaun #JalaunNews #JalaunAdministration #DMJalaun #JalaunDM #Samir #Orai #Kalpi #Konch #Madhogarh #JalaunPolice #WeatherAlert #CyclonicWeather #RainAlert #HeavyRain #WaterLogging #DisasterManagement #BreakingNews #Bundelkhand #UttarPradesh #UPNews #JalaunBreakingNews
Kalpi, Jalaun | Sep 26, 2026