
एटीएम ठगी के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
देवरिया। कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 बैंकों के 64 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में जाकर लोगों को अपना निशाना बनाते थे।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर के शाहपुर निवासी मोहित निषाद (28) और सिकरीगंज निवासी संदीप मिश्रा (36) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के चार सदस्य मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों में इमरान खान और सुजीत बिंद उर्फ छोटेलाल के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनूघाट चौराहे के पास एटीएम कार्ड बदलकर एक महिला के खाते से 30 हजार रुपये निकालने की घटना में भी शामिल थे। यह घटना 19 सितंबर की बताई गई है। चकसराय बदलदास गांव निवासी अंजू देवी ने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी आंचल के पिता सालिक के एटीएम कार्ड से रुपये निकाले गए।
जांच में सामने आया कि आंचल सोनूघाट स्थित एसबीआई के एटीएम पर गई थी। वहां पहले से मौजूद युवकों ने कार्ड लगाने में उसकी मदद करने का झांसा दिया। कार्ड लगाने के बावजूद रुपये नहीं निकले। इसी दौरान एक युवक ने मदद के बहाने कार्ड बदल दिया और उसका पिन भी पूछ लिया। बाद में दूसरे एटीएम से खाते से रुपये निकाल लिए गए।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वे खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और मशीन चलाने में कम जानकारी रखने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम के भीतर एक आरोपी स्क्रीन पर हाथ रखकर मशीन संचालन में बाधा डालता था। इसके बाद ग्राहक का एटीएम कार्ड लेकर दूसरे कार्ड से बदल देते थे। पिन की जानकारी मिलने के बाद दूसरे स्थान से खाते से रकम निकाल लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 64 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इनमें भारतीय स्टेट बैंक के 14, एचडीएफसी बैंक के आठ, एक्सिस बैंक के पांच और पंजाब नेशनल बैंक के सात कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक समेत अन्य बैंकों के कार्ड भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में तीन पीड़ितों की प्राथमिकियां दर्ज होने की बात सामने आई है।