
12 सितंबर को होगी नेशनल लोक अदालत, प्रचार वाहन रवाना
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने दिखाई हरी झण्डी
ग्वालियर जिले में 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर ग्वालियर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान में तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला न्यायालय ग्वालियर, कुटुंब न्यायालय ग्वालियर तथा तहसील विधिक सेवा समिति डबरा व भितरवार में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। प्रचार वाहन के माध्यम से ग्वालियर शहर के सभी शहरी वार्डों, बस्तियों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर लोगों को नेशनल लोक अदालत की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ऑडियो जिंगल के माध्यम से आमजन को अपने लंबित प्रकरणों का आपसी राजीनामे के माध्यम से निराकरण कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विद्युत वितरण कंपनी, नगर निगम, बीएसएनएल, बैंकिंग एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं से संबंधित मामलों में उपलब्ध छूट की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रचार वाहन को रवाना करने के अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) श्री नवीन शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत कुमार पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर के सचिव श्री पुष्पेंद्र सिंह, न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता और पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।
#gwalior
PRO Gwalior
CM Madhya Pradesh