
23 अक्टूबर को विधान परिषद चुनाव का मतदान, पहचान पत्र के बिना नहीं डाल सकेंगे वोट
मतदाता फोटो पहचान पत्र जरूरी, उपलब्ध न होने पर 10 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक मान्य
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के विभिन्न स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।
23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान में प्रतिरूपण रोकने के उद्देश्य से प्रत्येक मतदाता को मतदान से पहले अपनी पहचान साबित करनी होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) जारी किया गया है, उन्हें मतदान के समय अपना फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इसके बिना मतदान प्रक्रिया में पहचान संबंधी परेशानी हो सकती है।
हालांकि, यदि कोई निर्वाचक अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाता है तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है।
आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज को प्रस्तुत कर अपनी पहचान साबित की जा सकती है।
इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, केंद्र अथवा राज्य सरकार एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, स्थानीय निकायों अथवा निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा कर्मचारियों को जारी पहचान-पत्र शामिल हैं।
इसके अलावा सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक के शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र तथा विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र भी मान्य होगा।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी मूल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए अपना मतदाता पहचान पत्र अथवा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेज साथ लेकर ही मतदान केंद्र पहुंचें। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पहचान सत्यापन की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
#Jalaun #Orai #UPMLCElection2026 #MLCElection #23OctoberVoting #VoterID #ElectionCommission #GraduateConstituency #TeacherConstituency #JalaunElection #DMJalaun #DistrictElectionOfficer #BreakingNews #FMNewsTV #SonuMaharaj
Jalaun, Jalaun | Oct 7, 2026