राठ रोड ओवरब्रिज के पार, लोधी समाज की वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापना का गणमान्य लोगो की उपस्थिति में हुआ भूमि पूजन:
गल्ला मंडी में विधायक गौरी शंकर वर्मा के अथक प्रयासों से साकार हुई समाज की वर्षों पुरानी मांग
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में विदेशी हुकूमत की चूलें हिलाने वाली अमर वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापना की दिशा में गुरुवार को बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया गया। जिला मुख्यालय उरई के राठ रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में लोधी समाज की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा स्थल का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद उरई के अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी सहित समाज के तमाम जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन विशेष रूप से मौजूद रहे।
विधायक गौरीशंकर वर्मा ने किया शिलापूजन, अर्पित किए श्रद्धासुमन
गल्ला मंडी परिसर में आयोजित भव्य भूमि पूजन समारोह में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने आचार्यों द्वारा उच्चारित स्वास्तिवाचन के बीच नींव में पहली ईंट रखकर आधारशिला रखी। इसके उपरांत उन्होंने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी ने मातृभूमि की स्वाधीनता के लिए अंग्रेजों से लोहा लेते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। उनका अदम्य साहस और अमर बलिदान किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि समूचे राष्ट्र के लिए गौरव का प्रतीक है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के महापुरुषों और अमर क्रांतिकारियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाना और उन्हें उनका यथोचित मान-सम्मान दिलाना ही हमारी पहली प्राथमिकता है।
साकार हुआ समाज का संकल्प, उमड़े गणमान्य
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय चौधरी ने कहा कि समाज की इस बहुप्रतीक्षित मांग को सदर विधायक के नेतृत्व में अमलीजामा पहनाया जा रहा है, और नगर पालिका इस स्थल को एक भव्य एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान करेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, भगवान दास नेताजी, श्रीमती निशा राजपूत, सभासद सुशील राजपूत, जिला मंत्री बीरेंद्र राजपूत कुसमिलिया, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत, शत्रुघ्न राजपूत, सुशील राजपूत लक्ष्य, सभासद रविंद्र राजपूत, हरस्वरूप राजपूत, सुनील द्विवेदी, शैलेंद्र कुसमिलिया, नरेश कुठौंदा, लेखू कुठौंदा सहित लोधी समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Jalaun, Jalaun | Oct 22, 2026