जिला मुख्यालय उरई के राठ रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में मंगलवार शाम विजयादशमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मैदान में प्रभु श्री राम और लंकापति रावण के बीच हुए भीषण युद्ध की सजीव लीला के मंचन के उपरांत जैसे ही अहंकारी रावण का पुतला अग्नि के हवाले हुआ, समूचा परिसर 'जय श्री राम' के गगनभेदी जयकारों और आतिशबाजी की गूंज से दहल उठा।
कालपी विधायक ने उतारी आरती, शुरू हुआ युद्ध
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी द्वारा प्रभु श्री राम एवं अनुज लक्ष्मण के स्वरूपों की विधि-विधान से आरती उतारकर व तिलक लगाकर किया गया। इसके उपरांत रामलीला के कुशल कलाकारों द्वारा राम-रावण महायुद्ध का अत्यंत रोमांचक और सजीव मंचन किया गया। बाणों की बौछार और संवादों के बीच अंततः मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने नाभि में अमृत कुंड सुखाते हुए दशानन का वध किया।
सदर विधायक ने किया पुतला दहन, दिया सद्भाव का संदेश
रावण वध के पश्चात उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच रावण के विशालकाय प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया। देखते ही देखते बुराई और अहंकार का प्रतीक पुतला आग की लपटों में घिरकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा और कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह संदेश है कि अहंकार और अधर्म चाहे कितना भी बलशाली क्यों न हो, अंत में विजय सदैव सत्य, धर्म और मर्यादा की ही होती है। दोनों नेताओं ने जनपदवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सद्भावना बनाए रखने की पुरजोर अपील की। आयोजन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, आयोजक मंडल के सदस्य व हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ रामचंद्र
दैनिक नर्मदा की पुकार जालौन
Jalaun, Jalaun | Oct 20, 2026