
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी- कलेक्टर श्री यादव
==
बस दुर्घटना में दो छात्राओं का दुखद निधन
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
==
जिला प्रशासन घायल छात्राओं के उपचार में करेगा पूरी मदद,
=
आरटीओ को बस जब्त करने के निर्देश
==
बस की दुर्घटना में स्कूल जा रही दो छात्राओं के निधन की दुखद घटना सामने आई है। दुर्घटना में घायल एक छात्रा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि एक अन्य छात्रा आभाना में है। जिला अस्पताल में भर्ती छात्रा की स्थिति चिकित्सको ने ठीक बताई है। बस में सवार एक व्यक्ति को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा जिला प्रशासन की ओर से पीड़ितों और उनके परिजनों को हरसंभव सहयोग एवं संबल प्रदान किया जाएगा। घायल छात्रा के उपचार के लिए आवश्यक राशि की व्यवस्था में जिला प्रशासन पूरी मदद करेगा, ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्री यादव ने दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को तत्काल बस जब्त कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। इसमें स्पीड ब्रेकर से संबंधित समस्या, बस के रॉन्ग साइड चलने की आशंका, चालक की स्थिति तथा दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी।
उन्होने कहा पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी से चर्चा कर बसों की लगातार चेकिंग कराई जाएगी। यदि दुर्घटना में चालक की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्री यादव ने कहा प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।