#गोंडा में भाजपा नेत्री ने भाजपा नेता पर दर्ज कराया मुकदमा, उधार मांगने पर बेटे को बंधक बनाने और रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी का आरोप...
#गोंडा में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष बीना श्रीवास्तव ने भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव उर्फ अजयदीप के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि रुपये के लेनदेन के विवाद में उनके बेटे को बंधक बनाया गया और असलहा दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर छवि खराब करने और 8.50 लाख रुपये का चेक बाउंस होने का भी आरोप लगाया गया है।
बेटे ने कई किस्तों में दिए थे रुपये
न्यू इंदिरा आवास कॉलोनी निवासी बीना श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आवास विकास कॉलोनी निवासी अजय कुमार श्रीवास्तव ने उनके बेटे अतुल श्रीवास्तव से कई किस्तों में रुपये उधार लिए थे।
शिकायत के मुताबिक, रकम लौटाने के लिए आरोपी ने 1 अगस्त 2026 को अतुल के नाम इंडियन बैंक का 8 लाख 50 हजार रुपये का चेक दिया था। जब चेक बैंक में लगाया गया तो खाता पहले से बंद होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद रुपये मांगने पर विवाद शुरू हो गया।
फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने का आरोप
बीना श्रीवास्तव का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर अजय कुमार ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डालनी शुरू कर दीं। इससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई। शिकायत में परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
चौपाल सागर के पास गाड़ी रोककर दिखाई रिवॉल्वर
बीना श्रीवास्तव के अनुसार, 26 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे वह अपने बेटे अतुल के साथ लखनऊ से गोंडा लौट रही थीं। इसी दौरान चौपाल सागर के पास आरोपी ने अपने साथियों के साथ उनकी गाड़ी रोक ली।
आरोप है कि इस दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर गाली-गलौज की गई और चेक वापस करने का दबाव बनाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई। मां-बेटे किसी तरह वहां से निकल पाए।
क्राइम इंस्पेक्टर को सौंपी गई जांच
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे जांच क्राइम इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव को सौंप दी गई। उन्होंने जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। आरोपी का पक्ष सामने नहीं आया है।
Balrampur, Balrampur | Nov 5, 2026