
सुंदरावली हत्याकांड पर सांसद संजना जाटव ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
बोलीं सांसद – मुख्यमंत्री और गृहमंत्री भरतपुर में मौजूद थे, फिर भी गृह राज्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में हो गई बृजेश शर्मा की हत्या
भरतपुर। डीग जिले के सुंदरावली गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में बृजेश शर्मा की मौत के मामले में भरतपुर सांसद संजना जाटव ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
सांसद संजना जाटव ने कहा कि राजस्थान में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस समय मुख्यमंत्री और गृहमंत्री दोनों भरतपुर में मौजूद थे, उसी दौरान गृह राज्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र डीग के सुंदरावली गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ और बृजेश शर्मा की निर्मम हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर आमजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? जब अपराधियों में कानून का भय नहीं रहेगा, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगा?
सांसद ने गुंडों, बदमाशों और माफियाओं के बढ़ते हौसलों तथा आमजन में व्याप्त असुरक्षा की भावना को चिंताजनक बताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
Weir, Bharatpur | Nov 11, 2026