
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे सलखनिया क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 20 जंगली हाथियों का झुंड गांव से लगे खेतों में पहुंच गया। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल थे, जिसके चलते ग्रामीणों में हलचल मच गई। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर भेजने का अभियान शुरू किया।
खेतों में घूमने के दौरान हाथियों के झुंड ने करीब एक एकड़ क्षेत्र में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथियों को आबादी और खेतों से दूर रखने के लिए वन विभाग की टीम ने करीब चार घंटे तक निगरानी और रेस्क्यू अभियान चलाया। ट्रैक्टर की आवाज, हूटर, शोर और टॉर्च की रोशनी के जरिए हाथियों की दिशा जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया। लगातार निगरानी और प्रयास के बाद झुंड वापस जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। शाम और रात के समय संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त की जा रही है और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए करीब 80 टॉर्च भी उपलब्ध कराई गई हैं।
बांधवगढ़ के आसपास हाथियों का गांवों और खेतों की ओर पहुंचना लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय के साथ हाथियों और इंसानों, दोनों की सुरक्षा बेहद जरूरी है।
#Umaria #Bandhavgarh #BandhavgarhTigerReserve #WildElephants #ElephantHerd #ElephantNews #MadhyaPradesh #MPNews #UmariaNews #WildlifeNews #ForestDepartment #WildlifeConservation #ElephantAlert #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #LatestNews #LocalNews #VillageNews #Wildlife