कबाड़ की दुकान में भीषण आग से मची अफरा-तफरी
बस्ती। कटरा अंडरपास के समीप सोमवार की शाम एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार शाम करीब सात बजे दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। आग से दुकान में रखे कबाड़ और अन्य सामान के नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।
Basti, Basti | Nov 9, 2026