
#भरतपुर। शहर के अटलबंद थाना क्षेत्र स्थित काली की बगीची के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नाले में एक युवक का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय राहगीरों की नजर जब नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस और आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंची अटलबंद थाना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और उसकी तलाशी ली, जहां से उसका मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। मोबाइल और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त रामनगर निवासी 35 वर्षीय चंदन के रूप में की गई। पेशे से ट्रैक्टर चालक चंदन के परिजनों का कहना है कि वह सोमवार की शाम को घर से किसी काम के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर परिजन उसकी जगह-जगह तलाश करते रहे, पर उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह नाले में उसका शव मिलने की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी देते हुए एएसआई श्रवण कुमार ने बताया कि नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। फिलहाल युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।