
अब सर्द रातों और धुंध में भी सड़क पर तैनात पुलिसकर्मी रहेंगे अधिक सुरक्षित
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की पहल पर पुलिसकर्मियों को मिली 350 विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट
पंचकूला 13 नवंबर :- आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दिन-रात फील्ड में तैनात रहकर अपनी ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखना भी पंचकूला पुलिस की प्राथमिकता है। इसी दिशा में सर्दियों के मौसम को देखते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा एक विशेष पहल की गई है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार जिला में ट्रैफिक पुलिस, क्यूआरटी राइडर और पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों को 350 विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गई हैं।
इस संबंध में डीसीपी अमरिंदर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये विशेष जैकेट सर्दियों के मौसम में पुलिसकर्मियों को ठंड से बचाव के साथ-साथ सड़क पर उनकी दृश्यता बढ़ाने में भी सहायक होंगी। जैकेट पर लगे रिफ्लेक्टर की वजह से रात के समय तथा कम रोशनी और धुंध जैसी परिस्थितियों में वाहन चालकों को पुलिसकर्मी दूर से ही स्पष्ट दिखाई दे सकेंगे, जिससे सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि सर्दियों के मौसम में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। हमारे पुलिसकर्मी देर रात तक और पूरी रात सड़कों पर ड्यूटी करते हैं। ऐसे में विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट उन्हें ठंड से बचाने के साथ-साथ उनकी दृश्यता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी स्पष्ट दिखाई देंगे, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia