पंचकूला पुलिस ने 3 मामलों में 4 हेरोइन तस्कर पकड़े, 128 ग्राम हेरोइन बरामद, कीमत 25 लाख रुपये से अधिक
स्विफ्ट कार में सवार होकर ट्राईसिटी में हेरोइन सप्लाई करते थे दो आरोपी, ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे से 81 ग्राम हेरोइन बरामद
कालका-पिंजौर में 37.46 ग्राम और सेक्टर-16 में 10.28 ग्राम हेरोइन सहित दो अन्य तस्कर गिरफ्तार
पंचकूला/ 15 नवंबर :- पंचकूला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशा तस्करों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में जिला पुलिस की विभिन्न क्राइम यूनिट्स नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-2, क्राइम ब्रांच-3 और एंटी नारकोटिक सेल की टीमों ने अलग-अलग तीन मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 128.74 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 25.75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों के सप्लाई नेटवर्क, नशे के स्रोत और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।
सेक्टर-16 सब्जी मंडी के पास हेरोइन बेचने की फिराक में खड़ा आरोपी गिरफ्तार, 10.28 ग्राम हेरोइन बरामद
पहले मामले में एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सेक्टर-16 स्थित सब्जी मंडी के पास हेरोइन बेचने का काम करता है और उस दिन भी किसी ग्राहक को नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में वहां खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच-2 इंचार्ज प्रवीण कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुरदास उर्फ काकू को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.28 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी पंचकूला के सेक्टर-17 का निवासी है।
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-14 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मनीमाजरा से हेरोइन खरीदकर कालका-पिंजौर में महंगे दामों पर बेचता था आरोपी, 37.46 ग्राम हेरोइन बरामद
दूसरे मामले में 13 नवंबर को क्राइम ब्रांच-3 की टीम कालका-पिंजौर क्षेत्र में गश्त और अपराधों की पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति गांव भैरों की सैर स्थित बालाजी मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर किसी ग्राहक को हेरोइन सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-3 इंचार्ज राजेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार कर मौके पर निगरानी शुरू की और आरोपी रवि कुमार को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 37 ग्राम 46 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच में सामने आया कि मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला आरोपी वर्तमान में टिपरा, पंचकूला में रह रहा है। वह मनीमाजरा, चंडीगढ़ से हेरोइन खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाता था और कालका-पिंजौर क्षेत्र में नशा करने वाले लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। आरोपी ने अन्य लोगों को भी हेरोइन बेचने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ थाना कालका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ चंडीगढ़ में पहले भी लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर नशे की सप्लाई के स्रोत, पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे स्विफ्ट कार में हेरोइन सप्लाई करने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार, 81 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद
डीसीपी अमरिंदर सिंह के अनुसार तीसरे मामले में 14 नवंबर को एंटी नारकोटिक सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुरेंद्र कुमार उर्फ मंगल और निपुण नामक दो युवक स्विफ्ट कार में सवार होकर ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3 पंचकूला के पीछे वाली सड़क पर हेरोइन की सप्लाई देने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने रेडिंग पार्टी तैयार कर मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को स्विफ्ट कार सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी निपुण की पैंट की जेब से 50 ग्राम हेरोइन तथा दूसरे आरोपी सुरेंद्र कुमार उर्फ मंगल के कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 81 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बरामद हेरोइन जलालाबाद, पंजाब से खरीदकर लाए थे और इसे आगे सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस अब आरोपियों से हेरोइन की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क, सप्लाई किए जाने वाले स्थानों तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का स्पष्ट संदेश: नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पंचकूला पुलिस नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि उनके आसपास कहीं नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।