
शरीर की शुद्धि और स्वास्थ्य संतुलन का आयुर्वेदिक मंत्र देगा एनआईए
16 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा शारदीय विरेचन शिविर
आईपीडी फार्मेसी से पहले 15 पंजीकृत मरीजों को मिलेगा निःशुल्क औषधीय घृत
पंचकूला, 13 नवंबर: बदलती जीवनशैली और खानपान की अनियमितता के कारण स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में शरीर के आंतरिक संतुलन और मौसमी स्वास्थ्य संरक्षण के लिए राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला की ओर से एक माह के विशेष शारदीय विरेचन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पंचकर्म विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को पंचकर्म चिकित्सा की उपयोगिता और विरेचन कर्म के पारंपरिक महत्व के प्रति जागरूक करना है।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर डॉ. संजीव शर्मा एवं डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर के माध्यम से 'अपने शरीर को शुद्ध करें... स्वस्थ जीवन अपनाएं' का संदेश दिया जाएगा।
पंचकर्म विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर प्रतिभा सीके ने बताया कि शिविर 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित होगा। विरेचन आयुर्वेद की प्रमुख पंचकर्म शोधन प्रक्रियाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य शरीर में पित्त दोष का संतुलन बनाए रखना है। पित्त दोष के असंतुलन से अम्लपित्त (एसिडिटी), पाचन संबंधी समस्याएं, मुंहासे एवं अन्य त्वचा विकार, शरीर में जलन तथा कुछ यकृत एवं पित्त संबंधी विकार जैसी समस्याएं जुड़ी हो सकती हैं। ऐसी समस्याओं से ग्रस्त व्यक्ति चिकित्सकीय परामर्श के लिए संस्थान में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, स्वस्थ व्यक्ति भी ऋतु परिवर्तन के दौरान मौसमी शोधन एवं स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से शिविर का लाभ उठा सकते हैं। विरेचन प्रक्रिया व्यक्ति की प्रकृति, आयु एवं स्वास्थ्य स्थिति के आकलन के बाद विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह से ही की जाएगी। शिविर के दौरान आईपीडी फार्मेसी की ओर से पहले 15 पंजीकृत मरीजों को निःशुल्क औषधीय घृत वितरित किया जाएगा।
पंचकर्म विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. क्षितिजा ने बताया कि विरेचन का स्त्री रोगों में आर्तव संबंधित विकारों में, बांझपन और हारर्मोलन असंतुलन को ठीक करने के लिए तथा महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेदिक प्रबंधन में विशेष महत्व है।
पंचकर्म विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनुराग कुशल ने बताया कि संस्थान के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व एवं डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशन में आयोजित इस शिविर के माध्यम से आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों एवं पंचकर्म प्रक्रियाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी। शिविर का आयोजन कोट्टक्कल आर्यवैद्यशाला के सौजन्य से किया जा रहा है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia