ई-रिक्शा चालकों से खुलेआम की अवैध वसूली! 700 रुपये लेकर थमाई सिर्फ 180 की रसीद👇
वाकया शुक्रवार की दोपहर मुरैना शहर के ओवरब्रिज चौराहा का है। यहां खुद को भारतीय मजदूर संघ का पदाधिकारी बता रहा राहुल शर्मा नामक व्यक्ति प्रत्येक ई-रिक्शा चालक से 700 रुपये वसूल कर रहा था और बदले में दे रहा था सिर्फ 180 रुपये की रसीद। राहुल कह रहा था कि यह सदस्यता शुल्क है। लेकिन वह 700 रुपये क्यों ले रहा था और इसके लिए उसे किसने अधिकृत किया था, इस बात का उसके पास कोई जवाब नहीं था। खास बात यह कि कभी वह आरटीओ नियमों का हवाला दे रहा था तो कभी कहता कि वह बाजार को जाम की स्थिति से बचाने में सहयोग करता है।
राहुल के पास उसकी पहचान और वसूली के अधिकार से जुड़ा कोई दस्तावेज भी नहीं था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा चालकों से इस मामले में शिकायती आवेदन देने को कहा, ताकि वसूली करने वाले पर कार्यवाही हो सके, लेकिन वे थाने जाकर शिकायत करने को तैयार नहीं हुए।