
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी संचालन हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त
मुख्य सचिव कार्यालय, मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में "मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026" का संचालन 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्व निर्धारित क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत झाबुआ को जिला नोडल अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), झाबुआ को सहायक जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने अनुभाग के नोडल अधिकारी होंगे। वहीं सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर परिषद तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों के लिए विभागीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
निर्देशानुसार नोडल अधिकारी भ्रमण क्षेत्र एवं संबंधित विकासखंड की सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई में लंबित शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करेंगे। सभी विभागों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भ्रमण से पूर्व अधिकतम शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण कर दिया जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण भ्रमण तिथि तक शेष रहेगा, उनका मौके पर ही त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय सेवाओं का समयबद्ध प्रदाय तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शासन के प्रति जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत झाबुआ जिले में भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न विकासखंडों में किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को पेटलावद विकासखंड से होगी, जहाँ जनसंवाद कार्यक्रम जनपद सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को मेघनगर, 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को रामा, 28 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को राणापुर, 04 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को झाबुआ तथा 11 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को थांदला विकासखंड में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। सभी स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन संबंधित जनपद सभाकक्ष में किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP