ग्राम ढोल्यावड में उत्साहपूर्वक मनाया गया जल अर्पण दिवस
जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार हर घर जल घोषित ग्राम ढोल्यावड, विकासखंड राणापुर में मंगलवार को जल अर्पण दिवस उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती इंदिरा रकसिंग भाबोर ने की। कार्यक्रम में महाप्रबंधक जल निगम झाबुआ एवं नोडल अधिकारी श्री कुलदीपसिंह कलम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों के स्वागत उपरांत सहायक यंत्री श्री दयालु राठौर ने जल अर्पण दिवस की रूपरेखा से उपस्थितजनों को अवगत कराया। नोडल अधिकारी श्री कुलदीपसिंह कलम ने ग्रामीणों को नल-जल योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के सतत उपयोग का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता से प्रभात फेरी निकाली गई। इसके पश्चात जल संरक्षण एवं जल के जिम्मेदार उपयोग के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने नल कनेक्शनों पर धागा बांधकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। रंगोली के माध्यम से 'नल से जल' की अवधारणा को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर सरपंच एवं मुख्य अतिथि द्वारा ग्राम को हर घर जल ग्राम के रूप में प्रमाणित किया गया। साथ ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति, स्वयं सहायता समूह के सदस्यों तथा पंप ऑपरेटरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक यंत्री श्री दयालु राठौर, उपयंत्री श्री रवि सिसोदिया, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अर्चना डावर, श्रीमती अंकिता पाठक, उपसरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, पंच, पानी समिति के अध्यक्ष एवं सचिव, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला सलाहकार श्री धूलिया बामनिया द्वारा किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP