
सफाई व्यवस्था में लापरवाही, नप के जेई निलंबित
समीक्षा बैठक में प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा ने जताई थी नाराजगी
रेवाड़ी, समाचार पंकज कुमार।
: शहर की चरमराती सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में नगर परिषद के जेई कुशल यादव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग के प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा द्वारा नाराजगी व्यक्त करने के बाद उनके द्वारा जारी निर्देशों पर की गई। साथ ही जिला नगरायुक्त (डीएमसी) को जेई के खिलाफ नियमों के तहत आरोप पत्र का मसौदा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये गए हैं।
इस मामले को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि अशोक कुमार मीणा ने लघु सचिवालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिलने पर मीणा ने नाराजगी जताई थी। तत्पश्चात संबंधित जेई कुशल यादव को निलंबित करने के निर्देश दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि जेई के विरुद्ध आरोप पत्र का मसौदा प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया है। तत्पश्चात आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Rewari, Rewari | Nov 7, 2026