
सरगुजा के रानूमाड़ा सायर जंगल में शुक्रवार को उस समय दहशत फैल गई, जब 19 लोगों की जान ले चुके खूंखार 'कबरा' हाथी और 17 जंगली हाथियों का एक बड़ा दल आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से गूंजी भीषण चिंघाड़ से पूरा इलाका थर्रा उठा है। कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग, पुलिस और विशेषज्ञों की टीम दिनभर मशक्कत करती रही, लेकिन घने जंगल की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन सफल नहीं हो सका। अब छह जिलों के वरिष्ठ वन अधिकारी, दो पालतू (कुमकी) हाथी और थर्मल ड्रोन कैमरों की मदद से रात के अंधेरे में भी हाथियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सबसे बड़ी चिंता हाथियों का लगातार रिहायशी इलाकों की ओर रुख करना है, क्योंकि हाल ही में कबरा उदयपुर के बाजार चौक और 17 हाथियों का दल लक्ष्मणगढ़ व सुखरीभंडार की बस्तियों के करीब पहुंच गया था। जंगल में हाथियों के आपसी टकराव और बस्तियों में बढ़ती घुसपैठ के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लक्ष्मणगढ़ और सुखरीभंडार हनुमान मंदिर से लेकर सायर जंगल की सीमा तक पुलिस और वन अमले के जवान तैनात कर दिए गए हैं ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
#Surguja #Ambikapur #ElephantAlert #WildlifeRescue #ChhattisgarhNews #ForestDepartment #ElephantConflict #SafetyAlert #FatafatNews