
डूंगरपुर में डॉक्टर 1 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
पीड़ित की MLC बनवाने की एवज में पहले मांगी थी दस हजार रुपए की घूस
( अजमेर न्यूज़)
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी इकाई डूंगरपुर ने आज कार्यवाही करते हुए डॉ. अमीत परमार, चिकित्सा अधिकारी, पी.एच.सी. झौथरी, जिला डूंगरपुर को 1,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की एसीबी इकाई डूंगरपुर में परिवादी द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस थाना चौरासी, जिला डूंगरपुर में दर्ज एफआईआर के अनुसंधान के दौरान मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) बनवाने के लिए पुलिस द्वारा दी गई तहरीर पर परिवादी पी.एच.सी. झौथरी पहुंचा, जहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार द्वारा जांचें लिखकर डूंगरपुर से करवाने के लिए कहा गया तथा एमएलसी बनाने की एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।
उक्त शिकायत पर नियमानुसार रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी डॉ. अमीत परमार द्वारा परिवादी से 2,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करने पर सहमति व्यक्त की गई तथा इसी दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से 1,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त कर ली गई।
इसके पश्चात आज एसीबी उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन के नेतृत्व में एसीबी इकाई डूंगरपुर की टीम द्वारा उक्त ट्रैप कार्यवाही की गई। ट्रैप कार्यवाही के दौरान आरोपी डॉ. अमीत परमार, चिकित्सा अधिकारी, पी.एच.सी. झौथरी, जिला डूंगरपुर को परिवादी से 1,000 रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त करने पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
( अजमेर न्यूज़)
9351087614
#ajmer #news #doctor #acb #redhanded #bribe #dungarpur
Ajmer, Ajmer | Nov 12, 2026