
महिला एवं बाल अपराध रोकथाम को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच व महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की दी जानकारी
करनाल, दिनांक 24 अगस्त 2026। जिला पुलिस करनाल द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एन.जे. पब्लिक स्कूल तथा बाल विकास पब्लिक स्कूल, खेड़ीनरू, जिला करनाल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम जिला पुलिस की काउंसलिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक राजेश लता के नेतृत्व में आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक राजेश लता ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा उसे प्रोत्साहित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बाल विवाह के कारण होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट के तहत बच्चों को प्राप्त कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गई। बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत, छेड़छाड़ अथवा शोषण की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के अपने अभिभावकों, अध्यापकों अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें। ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चे की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
महिला सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को हरियाणा पुलिस द्वारा संचालित दुर्गा शक्ति ऐप की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, जैसे छेड़छाड़, साइबर अपराध, पीछा करना (स्टॉकिंग) आदि के संबंध में जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी अपराध को नजरअंदाज न करें तथा ऐसी घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
निरीक्षक राजेश लता ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक एवं ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का निरीक्षक राजेश लता द्वारा संतोषजनक ढंग से उत्तर दिया गया तथा उन्हें अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। स्कूल प्रशासन ने जिला पुलिस करनाल की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया।
जिला पुलिस करनाल की आमजन से अपील है कि बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सजग एवं जागरूक रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध अथवा शोषण की जानकारी होने पर बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Uklana, Hissar | Aug 24, 2026