
ग्राम पंचायत बधानी में वार्ड पंचों ने ली शपथ
पर्यावरण व हरित क्रांति का दिया संदेश
हमीरपुर
विधानसभा क्षेत्र भोरंज के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत बधानी में शनिवार को नव निर्वाचित वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। पंचायत प्रधान सीमा देवी ने सभी वार्ड पंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा पंचायत के विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत युवक मंडल बधानी के सौजन्य से पंचायत परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान सीमा देवी, उपप्रधान शशी मोहन तथा सभी नव निर्वाचित वार्ड सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण व हरित क्रांति का संदेश दिया तथा सभी पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।इस अवसर पर पंचायत प्रधान सीमा देवी ने कहा कि ग्राम पंचायत बधानी में विकास कार्य पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किए जाएंगे। पंचायत का प्रत्येक निर्णय जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए लिया जाएगा तथा सभी वार्डों का समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी सहयोग, एकता और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर ग्राम पंचायत बधानी को विकास, स्वच्छता, हरियाली और जनभागीदारी का आदर्श मॉडल बनाएंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों ने ग्राम पंचायत को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं विकासशील बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।