उत्तराखंड का जवान जंगली भैंसे के हमले में शहीद!
मध्य प्रदेश के पचमढ़ी से उत्तराखंड के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। डोईवाला के सिमलासग्रांट गांव निवासी 17वीं कुमाऊं रेजीमेंट के जवान आकाश चौहान की जंगली भैंसे यानी बाइसन के हमले में मौत हो गई। 26 वर्षीय आकाश पचमढ़ी स्थित सैनिक आर्मी एजुकेशन सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे। इसी दौरान खेल मैदान में झाड़ियों से अचानक निकले बाइसन ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। आकाश अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। देश की सेवा करने का सपना देखने वाला एक जवान असमय दुनिया को अलविदा कह गया।