उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश के बाद बढ़ी ठंड!
नमस्कार, उत्तराखंड में अक्टूबर की विदाई के साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे, वहीं हल्द्वानी में दोपहर करीब दो बजे कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का एहसास करा दिया।
पिछले कुछ दिनों से सुबह धूप खिलने के कारण तापमान में हल्की गर्माहट बनी हुई थी, लेकिन शुक्रवार को बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। हल्की बारिश के बाद दोपहिया वाहन चालकों को भी ठंड का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हल्द्वानी में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि नैनीताल जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
कुल मिलाकर अक्टूबर के आखिरी दिनों में उत्तराखंड में सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है।