
पचदेवरा पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
हरदोई। थाना पचदेवरा पुलिस ने घर से आभूषण और गैस सिलेंडर चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को ग्राम उमरिया कला निवासी रजनीश पुत्र बाबूराम ने थाना पचदेवरा में तहरीर देकर अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से आभूषण एवं गैस सिलेंडर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना पचदेवरा में मुकदमा संख्या 131/26 धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल सौरभ पुत्र शिवरतन, आलोक उर्फ आदेश पुत्र नरेंद्र, जगनेश पुत्र राधेश्याम निवासीगण ग्राम उमरिया कला तथा मनोज पुत्र रामदास निवासी ग्राम वीरमपुर थाना पचदेवरा को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार जोड़ी पायल, एक मांग मेहंदी, एक जोड़ी झाले, एक नाक की बेसर, 500 रुपये नकद तथा एक अदद गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना पचदेवरा पुलिस टीम के उपनिरीक्षक राकेश यादव, उपनिरीक्षक पप्पूराम, उपनिरीक्षक अनुराग त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Bilgram, Hardoi | Jun 24, 2026