
विश्व पर्यावरण दिवस पर सेन्ट आरसेटी मुरैना में हुआ वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का दिया गया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेन्ट आरसेटी), मुरैना में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान परिसर में अशोक, गुड़हल, नींबू, चांदनी एवं आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पांच पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव, भारतीय रिजर्व बैंक के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर (एलडीओ) श्री प्रखर उपाध्याय, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री सिद्धार्थ कुमार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) मुरैना के जिला प्रबंधक श्री दिनेश सिंह तोमर तथा सीबीआई आरसेटी मुरैना के निदेशक श्री मुनीश्वर दयाल शाक्य ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिकाधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में आरसेटी के फैकल्टी सदस्य श्री सचिन बंसल सहित संस्थान के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दिलाया गया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh