नौतपा में ‘टीम मुस्कान’ बनी राहत का सहारा, 8 हजार लीटर केरी-पानी वितरित
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
भीषण नौतपा और झुलसाने वाली गर्मी के बीच मुस्कान फाउंडेशन की ‘टीम मुस्कान’ ने शहरवासियों को राहत पहुंचाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में करीब 8 हजार लीटर केरी-पानी का निशुल्क वितरण किया। अभियान के तहत प्रतिदिन 800 से 1000 लीटर शीतल पेय राहगीरों, मरीजों और आमजन को पिलाया गया।
सेवा अभियान गुरु गोविंद सिंह चौराहा, सूचना केंद्र, बापूनगर, रोडवेज बस स्टैंड, अजमेर चौराहा, दूधाधारी मंदिर तथा महात्मा गांधी अस्पताल सहित विभिन्न भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संचालित किया गया। संस्था के सदस्यों ने स्वयं शुद्ध एवं स्वच्छ केरी-पानी तैयार कर लोगों को लू से बचाव का संदेश भी दिया।
अस्पताल परिसर में मरीजों और परिजनों के साथ राहगीरों ने इस सेवा की सराहना करते हुए इसे मानवता और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। संस्था पदाधिकारियों ने भविष्य में भी जनहित के ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।