सागर शराब कांड के बीच छतरपुर में देसी शराब पीने से युवक की तबीयत बिगड़ी
छतरपुर। सागर में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच छतरपुर जिले में भी शराब सेवन के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। 42 वर्षीय धर्म सिंह ने कथित तौर पर अत्यधिक मात्रा में देसी शराब का सेवन किया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, जिसके बाद धर्म सिंह को होश आ गया। चिकित्सकों ने उसके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। फिलहाल उसे मेडिसिन वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, मरीज को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उपचार संभव हो सका। वर्तमान में उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस घटना ने शराब की गुणवत्ता और संदिग्ध शराब की बिक्री को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।