
चुराह की बेटी पायल सूर्यवंशी ने फिर बढ़ाया हिमाचल का मान, 'सा रे गा मा पा' ऑडिशन तक बनाई जगह
दूरदराज़ हिमगिरी क्षेत्र की होनहार गायिका ने राष्ट्रीय मंच पर बनाई पहचान, पिछड़े जनजातीय क्षेत्र के युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चुराह,
जिला चंबा की जनजातीय एवं दुर्गम तहसील चुराह के हिमगिरी क्षेत्र की होनहार बेटी पायल सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी मधुर आवाज़ और अथक मेहनत के दम पर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पायल ने देश के प्रतिष्ठित संगीत रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' के ऑडिशन तक सफलतापूर्वक अपनी जगह बनाकर चुराह सहित पूरे जिला चंबा को गौरवान्वित किया है।
पायल की इस उपलब्धि से चुराह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पायल ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा के साथ मेहनत और दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
यह पहला अवसर नहीं है जब पायल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो। इससे पहले भी वह 'वॉयस ऑफ पंजाब' सीजन-16 में अपनी सुरीली गायकी का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों की खूब सराहना बटोर चुकी हैं। अब 'सा रे गा मा पा' के मंच तक पहुंचना उनकी संगीत यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
चुराह जैसे दुर्गम और पिछड़े क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना न केवल पायल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय भी है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और मंच मिलने की है।
क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने पायल सूर्यवंशी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वह आगामी चरणों में भी शानदार प्रदर्शन कर जिला चंबा और हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।