ग्राम पंचायत नयाग्रां की पहली ग्राम सभा बैठक संपन्न, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
प्रधान अंजू देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
विकासखंड भरमौर की ग्राम पंचायत नयाग्रां में नवगठित पंचायत की पहली ग्राम सभा बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत नयाग्रां की प्रधान अंजू देवी ने की। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न वार्डों के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक में पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पंचायत के आगामी विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रधान अंजू देवी ने कहा कि पंचायत का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सभी कार्य पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग देने तथा ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है, जहां लोगों की सहभागिता से विकास की दिशा तय होती है।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने भी पंचायत के विकास के लिए अपने सुझाव रखे तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को पंचायत के समक्ष रखा। पंचायत प्रतिनिधियों ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।