भरमौर-पांगी युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, विजयी युवा कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर बोले—जनहित के हर मुद्दे के समाधान के लिए रहेंगे प्रतिबद्ध
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस की बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। बैठक में एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं जिला चंबा युवा कांग्रेस के प्रभारी अखिल अग्निहोत्री तथा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुन्नाभ सिंह पठानिया ने की।
बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में विजय प्राप्त करने वाले युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर ललित ठाकुर ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर युवाओं को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक के उपरांत ललित ठाकुर ने क्षेत्र से आए लोगों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा लोगों की आवाज़ को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।