डलहौजी के सदर बाजार में आधी रात पहुंचा जंगली भालू, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
आवारा कुत्तों ने घेरा तो भागा भालू, देर रात काम से लौटने वाले होटल कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
डलहौजी, 12 जुलाई।
प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी के सदर बाजार क्षेत्र में आधी रात को एक जंगली भालू के दिखाई देने से स्थानीय लोगों और होटल कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें काले रंग का भालू बेखौफ होकर बाजार की सड़कों पर घूमता नजर आ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भालू काफी देर तक सदर बाजार क्षेत्र में इधर-उधर घूमता रहा। इसी दौरान कुछ आवारा कुत्तों ने उसे घेरकर भौंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया। हालांकि, घटना में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन भालू की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
यह क्षेत्र पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ निजी होटलों का प्रमुख केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारी देर रात तक कार्य करते हैं। होटल कर्मचारी अक्सर देर रात अपने किराये के कमरों में लौटते हैं। ऐसे में जंगली भालू की आवाजाही उनके लिए गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।
स्थानीय निवासियों और कर्मचारियों के परिवारों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
वन विभाग से भी मांग की गई है कि प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा बनी रहे।
स्लग: डलहौजी सदर बाजार में आधी रात जंगली भालू की दस्तक, दहशत