⬇️पिथौरागढ़ :- हर्षित पांडे का उत्तराखंड की अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन, विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दिखाएंगे दम !⬇️
पिथौरागढ़ के युवा क्रिकेट खिलाड़ी हर्षित पांडे ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हर्षित का चयन उत्तराखंड की अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है। अब वह बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसके मुकाबले 14 नवंबर से लखनऊ में आयोजित होंगे।
हर्षित ने अपने क्रिकेट करियर में अब तक 34 शतक और 94 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं 55 की औसत से 17 हजार से अधिक रन बनाए हैं। इसके अलावा देहरादून में आयोजित 12 टूर्नामेंट में वह बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट भी रह चुके हैं।
उनके इस सफर में पिथौरागढ़ के शुरुआती कोच नीरज सौन और आयुष क्रिकेट एकेडमी के प्रबंधक विक्रम देसवाल सहित अन्य कोचों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हर्षित के चयन से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।