
यमुनानगर, 1 अक्टूबर- उपायुक्त प्रीति की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग की बैठक आयोजित की गई। जिला मत्स्य अधिकारी दिलबाग सिंह ने उपायुक्त प्रीति को जिले में पंचायतों के अधीन तालाबों को पट्टे पर दिए जाने संबंधी कार्यवाही एवं प्रगति से अवगत करवाया।
जिला मत्स्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 196 पंचायती तालाब मछली पालन हेतु उपयुक्त पाए गए जिनकी सूचि पंचायती विभाग को दी गई जिस पर कार्यवाही करते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा पंचायत तालाबों को पट्टे पर देने हेतु प्रस्ताव पारित कर संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के माध्यम से विभाग को भेजे गए थे। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर मत्स्य विभाग द्वारा संबंधित तालाबों का निरीक्षण एवं मूल्यांकन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नीलामी हेतु कुल 91 तालाबों का मूल्य निर्धारित किया गया है। बाकि 105 तालाबों के मूल्यांकन हेतु पंचायती विभाग के प्रस्ताव शेष हैं।
इसके उपरांत संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तालाबों की नीलामी/पट्टे की कार्यवाही शुरू की गई। अब तक कुल 29 पंचायती तालाबों को पट्टे पर दिए जाने से संबंधित ग्राम पंचायतों को कुल 20,49,300 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। बैठक में बताया गया कि जिले के शेष पंचायत तालाबों की नीलामी/पट्टे की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। इससे पंचायतों को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने के साथ-साथ उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष तालाबों की पट्टा प्रक्रिया को नियमानुसार शीघ्र पूरा किया जाए तथा अधिक से अधिक पंचायत तालाबों को मत्स्य पालन के अंतर्गत लाकर मछली उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत तालाबों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन मिलेगा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा प्रदेश में मत्स्य उत्पादन को बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। बैठक में सीएमजीजीए अभिश्रुति, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, जिला मत्स्य अधिकारी दिलबाग सिंह उपस्थित रहे।