3 टन कचरा हटाकर चमकाया यमुना घाट, बाड़ी माजरा से रेलवे पुल तक चला अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम ने रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण का किया आयोजन
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम द्वारा वीरवार को पश्चिमी यमुना नहर के यमुना घाट पर रिवर फ्रंट सौंदर्यीकरण एवं विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान बाड़ी माजरा पुल से लेकर रेलवे पुल तक यमुना नहर के किनारों की सफाई की गई। अभियान की शुरुआत मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पवन प्रताप यादव द्वारा झाड़ू लगाकर की गई। इस अभियान में क्षेत्रवासियों व नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने भाग लेकर पश्चिमी यमुना नहर के किनारे पड़े कचरे, पॉलिथीन, उगी झाड़ियों, घास, अवांछित सामग्री व जमा गंदगी को साफ किया। नहर किनारे से लगभग 3 टन कचरा निकालकर उसका उचित निस्तारण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों एवं यमुना घाट को स्वच्छ बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता व्यवस्था में नगर निगम का सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य पश्चिमी यमुना नहर के घाटों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि पश्चिमी यमुना नहर शहर की महत्वपूर्ण पहचान है और इसके घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर रखना प्रशासन ही नहीं, सभी नागरिकों की प्राथमिकता है। सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई के साथ-साथ नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने कहा कि अभियान के दौरान बाड़ी माजरा पुल से रेलवे पुल तक विशेष सफाई कर नहर किनारे जमा कचरे और झाड़ियों को हटाया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यमुना घाट और नहर के आसपास कचरा न डालें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज धीमान, सफाई निरीक्षक बिट्टू, सफाई निरीक्षक अजीत कुमार, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार आदि मौजूद रहें।