प्रतापनगर, 1 अक्टूबर- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रतापनगर में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुलाना मेडिकल कॉलेज से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाईं। शिविर में कुल 139 मरीजों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. लेविस (जनरल मेडिसिन ), डॉ. त्रिलोक (जनरल सर्जरी ), डॉ. रिया गोयल (गायनी), डॉ. समृद्धि (पैडियाटरिक्स ) तथा डॉ. अक्षय (ऑई सर्जन) शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आँख के 17, सर्जरी के 10, पैडियाट्रिक के 8, फिजिशियन के 43, ए एन सी के 15 तथा ई एन टी के 4 मरीजों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान निरोगी हरियाणा योजना के तहत भी 26 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 14 मरीजों में एचबी कम पाया गया। चिकित्सकों द्वारा संबंधित मरीजों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त एन सी डी कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 55 मरीजों की जांच की गई। इनमें 6 मरीजों में ओरल कैंसर, 55 मरीजों में ब्रैस्ट कैंसर तथा 55 मरीजों में सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान बीपी/ब्लड प्रेशर एवं शुगर के एक मरीज को सस्पेक्टेड पाया गया, जिसका उपचार प्रारंभ कर दिया गया। शिविर में पहुंचे मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर के दौरान 20 मरीजों की आभा आईडी भी बनाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच करवाएं और किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें।