सेवा संकल्प अभियान के तहत व्यासपुर में सेवा सेतु शिविर आयोजित, योजनाओं की दी जानकारी
यमुनानगर, 1 अक्तूबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। यह बात उपायुक्त प्रीति ने व्यासपुर स्थित एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रशासन एवं जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित सेवा सेतु शिविर का निरीक्षण करते हुए कही।
उपायुक्त ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लोगों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक देश और प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि व्यासपुर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना और अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। शिविर के दौरान पोषण अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त प्रीति ने गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी निभाई।
रक्तदान से लेकर स्वच्छता अभियान तक होंगे कार्यक्रम
उपायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रबुद्ध सम्मेलन, हेल्थ चेकअप और मैराथन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर समाजहित के कार्यों में योगदान दें। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उपमंडल कार्यालयों का निरीक्षण कर दिए दिशा-निर्देश
उपायुक्त प्रीति ने उपमंडल स्तर के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड के रखरखाव, साफ-सफाई और आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। कार्यालयों में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने एसडीएम और डीएसपी व्यासपुर को नियमित रूप से मंडियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही फसल अवशेष जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप, डीएसपी रमेश कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, तहसीलदार रविन्द्र कुमार, बीडीपीओ शबनम, सीडीपीओ किरण बाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।