जिले में 22 से 26 नवंबर तक चलेगा पाँच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान, व्यापक स्तर पर की गई तैयारियाँ
जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा के निर्देशानुसार एवं सिविल सर्जन, भोजपुर के नेतृत्व में जिले में आगामी 22 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक पाँच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पाँच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।अभियान को सफल बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की गई हैं। इसके तहत घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के साथ-साथ ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की भी तैनाती की गई है। घर-घर जाकर दवा पिलाने वाली प्रत्येक टीम में दो सदस्य होंगे। अभियान के प्रभावी संचालन एवं सभी लक्षित बच्चों तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।अभियान के सुचारु संचालन, पर्यवेक्षण एवं निगरानी हेतु पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। वहीं, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दवा वितरण केंद्रों के माध्यम से पोलियो की दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।इस अभियान में जमीनी स्तर पर आशा कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका, एएनएम एवं स्वयंसेवक अपनी सेवाएँ देंगे। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी तथा अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को चिह्नित कर उन्हें भी पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे पाँच वर्ष तक की आयु के अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएँ तथा अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें।अभियान की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) एवं सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बाइट।जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा
Arrah, Bhojpur | Nov 21, 2026