
किसान मंडी में पॉलिथीन पर सख्ती से रोक लगे तो 50 प्रतिशत सुधर सकती है सफाई व्यवस्था : ओपी सिहाग
जजपा जिलाध्यक्ष ने कहा- मंडी में रोजाना इस्तेमाल होने वाली पॉलिथीन बन रही सफाई व्यवस्था में बड़ी बाधा
पंचकूला, 5 अक्टूबर। जननायक जनता पार्टी के जिला पंचकूला अध्यक्ष ओपी सिहाग ने कहा कि पंचकूला में प्रतिदिन लगने वाली किसान मंडी में पॉलिथीन के इस्तेमाल पर यदि नगर निगम और प्रशासन सख्ती से रोक लगाए तो शहर की सफाई व्यवस्था में करीब 50 प्रतिशत तक सुधार हो सकता है।
सिहाग ने कहा कि किसान मंडी में सब्जी, फल और अन्य सामान खरीदने के दौरान बड़ी मात्रा में पॉलिथीन का इस्तेमाल होता है। मंडी खत्म होने के बाद यही पॉलिथीन सड़कों, नालियों और आसपास के क्षेत्रों में बिखरी दिखाई देती है। इससे सफाई कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और नालियां जाम होने की समस्या भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम को केवल चालान करने तक सीमित रहने के बजाय किसान मंडी में पॉलिथीन की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी निगरानी करनी चाहिए। दुकानदारों और ग्राहकों को कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाए।
सिहाग ने कहा कि यदि मंडी में पॉलिथीन के इस्तेमाल पर नियमित निगरानी और सख्ती हो तथा लोगों को जागरूक किया जाए तो इससे शहर में कूड़ा फैलने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से किसान मंडी को पॉलिथीन मुक्त क्षेत्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।
Ambala, Ambala | Oct 5, 2026